Home उत्तर प्रदेश पूर्व विधायक पर हमले को लेकर अधिवक्ताओं में आक्रोश, कार्रवाई की मांग...

पूर्व विधायक पर हमले को लेकर अधिवक्ताओं में आक्रोश, कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन

हामिद इब्राहिम
प्रतापगढ़। तहसील परिसर सोमवार को उस वक्त गहमागहमी का केंद्र बन गया जब अधिवक्ताओं ने पूर्व विधायक धीरज ओझा पर हुए हमले को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जूनियर बार एसोसिएशन तहसील इकाई के अध्यक्ष विशंभर नाथ मिश्र और महामंत्री अजय कुमार तिवारी के नेतृत्व में वकीलों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
अधिवक्ताओं ने मांग की कि हमले के आरोपित के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और पूर्व विधायक को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराई जाए। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की और कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि 30 मई को नगर पंचायत पृथ्वीगंज में आयोजित एक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे पूर्व विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा पर संजय सरोज नामक व्यक्ति ने जानलेवा हमला किया। बताया गया कि संजय सरोज पहले भी टेरर फंडिंग के मामले में जेल जा चुका है। अधिवक्ताओं ने इस घटना को लोकतंत्र और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस प्रकार की घटनाएं न केवल जनप्रतिनिधियों की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती हैं। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए, तो वे आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे।