SIDDHARTHNAGAR NEWS: नगर पंचायत बढ़नी में लोक निर्माण विभाग डाक बंगले में मंगलवार को देश के पूर्व प्रधानमंत्री, स्वर्गीय चंद्रशेखर जी की पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित वक्ताओं ने उनके अद्वितीय व्यक्तित्व, संघर्षों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम का आयोजन बाबा मोहम्मद इब्राहिम और मसूद खान ने किया। संचालन वरिष्ठ पत्रकार सगीर ख़ाकसार ने किया। समारोह की अध्यक्षता स्वतन्त्रता सेनानी मौलाना अब्दुल कय्यूम रहमानी फाउंडेशन के अध्यक्ष बदरे आलम खान नेता जी ने की।
अध्यक्षीय उद्बोधन में बदरे आलम खान ने स्वर्गीय चंद्रशेखर जी के राष्ट्र निर्माण में योगदान और उनके संघर्षों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर जी ने अत्यंत विषम परिस्थितियों में देश की बागडोर संभाली थी और अपने नेतृत्व से देश में शांति व सौहार्द बनाए रखने का हर संभव प्रयास किया। जनाब मोहम्मद इब्राहिम ने उन्हें एक कुशल वक्ता और निडर व्यक्ति बताया, जिन्होंने बिना किसी दबाव या हस्तक्षेप के अपने प्रधानमंत्री कार्यकाल में राष्ट्रहित में कार्य किया। सत्यानंद सिंह जी ने चंद्रशेखर को आजीवन समाजवादी विचारधारा का पालन करने वाला सच्चा समाजवादी पुरोधा करार दिया।
लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सागर पाठक शान ने भी इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा, चंद्रशेखर जी ने सदैव गरीब, वंचित और किसानों की आवाज बुलंद की। उनका जीवन त्याग और संघर्ष का प्रतीक था, जो आज भी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम में निजाम अहमद सभासद, जयकरन प्रसाद गौतम, करतब यादव, समीर खान, जावेद खान, शकील शाह,महबूब खान, मोहम्मद जमाल, कमाल अहमद, मकबूल अहमद, शमसुद्दीन, फैजान अहमद और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी उपस्थित होकर अपने विचार व्यक्त किए और पूर्व प्रधानमंत्री के आदर्शों को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।





