Home उत्तर प्रदेश पूर्व डीजीपी बृजलाल की निधि से संवर रहा सिद्धार्थनगर, विकास परियोजनाओं से...

पूर्व डीजीपी बृजलाल की निधि से संवर रहा सिद्धार्थनगर, विकास परियोजनाओं से बदल रही जिले की तस्वीर

करोड़ों की धनराशि से शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे को मिला नया जीवन; कमीशनखोरी के दौर में पेश की ईमानदारी की मिसाल

SIDHARTHNAGAR NEWS: पूर्व पुलिस महानिदेशक और वर्तमान राज्यसभा सांसद बृजलाल की सांसद निधि से उनके गृह जनपद सिद्धार्थनगर का कायाकल्प हो रहा है। आज जब कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार का दौर है, ऐसे में एक सांसद द्वारा अपनी निधि का जनहित में पूर्ण ईमानदारी से उपयोग करना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। बतौर राज्यसभा सांसद, बृजलाल ने जिले में विभिन्न विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपए की धनराशि आवंटित की है, जिसका प्रतिफल अब जमीन पर साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने अपने संसदीय निधि से सरोवर के सुंदरीकरण, सीसी रोड, पार्क और ओपन जिम जैसे मदों में करोड़ों रुपये जारी किए हैं। शोहरतगढ़ में जिस इंटर कॉलेज से उन्होंने शिक्षा ग्रहण की थी, वहाँ एक शानदार प्रेक्षागृह का निर्माण कराकर उन्होंने साबित किया है कि व्यक्ति को अपनी सफलता की यात्रा में अपने गुरुजनों की ज्ञान स्थली को कभी नहीं भूलना चाहिए। हाल ही में, उन्होंने जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भुतहवा के जर्जर भवन के निर्माण के लिए 69 लाख 50 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की है। इससे पहले, पीएचसी भनवापुर को भी लाखों रुपये दिए गए थे। जिला कलेक्ट्रेट में 62 लाख रुपये की लागत से एक आधुनिक पुस्तकालय का निर्माण कराया गया है, जबकि परिसर में ही 60 लाख की लागत से एक पार्क का निर्माण कार्य जोरों पर है। विकास भवन से सांड़ी चौराहे तक की सड़क के किनारे 51 लाख की कीमत से एक खूबसूरत उद्यान भी विकसित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, शोहरतगढ़ के कपिया खालसा में बन रहे ग्रामीण स्टेडियम की बाउंड्रीवाल के लिए भी 45 लाख 45 हजार रुपये की धनराशि आवंटित की गई है। बृजलाल के इस प्रयास से उनके गृह जनपद को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने की उम्मीद जगी है।