Home उत्तर प्रदेश पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया 25 हजार का इनामी बदमाश लल्लू, उसका...

पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया 25 हजार का इनामी बदमाश लल्लू, उसका साथी हुआ फरार

MIRZAPUR NEWS:  जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना राजगढ़ व एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने बुधवार को पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार रुपये के इनामी गो-तस्कर को  गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल और 50,500 रुपये नकद बरामद किए गए ।  पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपराध की रोकथाम और इनामी व वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना राजगढ़ पर दर्ज मुकदमा संख्या 30/2026, धारा 3/5ए/8 गोवध निवारण अधिनियम व 11 पशु क्रूरता अधिनियम में वांछित चल रहे शातिर गो-तस्कर मेहंदी हसन उर्फ लल्लू नट पुत्र लाल मोहम्मद निवासी ग्राम शाहपुर चौसा थाना देहात कोतवाली पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी संतनगर क्षेत्र से गोवंशों की खरीद-फरोख्त कर मोटरसाइकिल से सक्तेशगढ़ की ओर जा रहा है। सूचना पर सक्रिय हुई संयुक्त टीम ने तलेर जंगल सेमरी के पास संदिग्ध बाइक सवार दो व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में चली गोली से मेहंदी हसन के बाएं पैर में गोली लग गई। जिससे वह घायल हो गया। उसे पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। जबकि उसका साथी अंधेरे व जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। बदमाश के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक खोखा, दो जिंदा कारतूस, एक टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल और 50,500 रुपये नकद बरामद किए गए। थाना राजगढ़ पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।