ग्रामीणों के हमले में चौकी इंचार्ज समेत चार पुलिसकर्मी घायल, कई धाराओं में मुकदमा दर्ज
FATEHPUR NEWS: राहगीरों से अभद्रता का विरोध करने पर ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान सरकंडी चौकी इंचार्ज की वर्दी फाड़ दी गई और पुलिस बल पर पथराव व मारपीट की गई। हमले में वरिष्ठ उप निरीक्षक, चौकी इंचार्ज तथा दो सिपाही समेत कुल चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी का मेडिकल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी में कराया गया। घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार छोटेलालपुर गांव के कुछ लोग गांव के समीप फरीदपुर-मंडराव मार्ग पर राहगीरों से अभद्रता कर रहे थे। सूचना मिलने पर सरकंडी चौकी इंचार्ज प्रमोद सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को ऐसा करने से मना किया। इस पर ग्रामीण उनसे उलझ गए और झगड़ा करते हुए उनकी वर्दी फाड़ दी। चौकी इंचार्ज ने मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दी, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। लेकिन भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमले में वरिष्ठ उप निरीक्षक वृंदावन राय के हाथ व शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई, जबकि चौकी इंचार्ज प्रमोद सिंह, सिपाही रामप्रकाश और सिपाही रमाकांत भी घायल हो गए। मामले में चौकी इंचार्ज की तहरीर पर 10 पुरुषों व तीन महिलाओं समेत कुल 13 नामजद तथा 20 से 25 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस पर हमला करने सहित कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अखिलेश सिंह पुत्र कुंजीलाल, तेज बहादुर, मुकेश कुमार, पंकज कुमार, वीरू, प्रीत, अवनीश, सोनू, विजय कुमार, सुशील, सोनी देवी, प्रीति देवी और मीता देवी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अखिलेश सिंह वर्तमान में कौशांबी जनपद में मुख्य आरक्षी पद पर तैनात है और छुट्टी पर घर आया हुआ था। आरोप है कि उसने ग्रामीणों को पुलिस पर हमला करने के लिए उकसाया। गुरुवार को करीब साढ़े तीन बजे पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय भेज दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में अपराध निरीक्षक सुरेश सिंह चौहान, वरिष्ठ उप निरीक्षक वृंदावन राय, उप निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह, उप निरीक्षक रंजीत कुमार पांडे, सिपाही रामप्रकाश, रमाकांत, दीपक कुमार, महिला सिपाही प्रतिमा, रश्मि पटेल व रीता पाल शामिल रहीं।







