डीएम ने दिए कड़े निर्देश, घटिया काम पर होगी कार्रवाई
SIDHARTHNAGAR NEWS: जिले के बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यों को दुरुस्त करने के लिए जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने बुधवार को सख्त तेवर दिखाए। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने विशेष रूप से पीएम श्री स्कूलों में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और छात्रों के नामांकन पर जोर दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह भी मौजूद रहे। डीएम ने पीएम श्री स्कूल फेज वन और फेज टू में सामने आए ‘गैप पैरामीटर्स’ (कमियों) की गहन समीक्षा की। उन्होंने दो टूक निर्देश दिए कि पीएम श्री स्कूलों में मिड-डे-मील शेड, टाइलिंग, छत की मरम्मत और बाउंड्री वॉल जैसे सभी निर्माण कार्य हर हाल में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता हुआ, तो संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) की सीधी जिम्मेदारी तय की जाएगी और उन पर सख्त कार्रवाई होगी। कम नामांकन वाले विकास खंडों में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए जिलाधिकारी ने विशेष जागरूकता कैंप लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी बीईओ को निर्देश दिए कि वे कैंप लगाने वाले स्थलों की सूची जल्द उपलब्ध कराएं और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) भी इन कैंपों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।
इसके अलावा, जिलाधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को उपजिलाधिकारी से संपर्क कर जन्म प्रमाण-पत्र बनाने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मिड-डे-मील के टीन शेड का कार्य तत्काल पूरा करने और अतिरिक्त कक्षा कक्ष व स्मार्ट क्लास के निर्माण के लिए सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) मद से बजट प्राप्त करने हेतु पत्र लिखने के भी निर्देश दिए। जर्जर हो चुके विद्यालयों के ध्वस्तीकरण का कार्य एक माह के भीतर पूरा करने का भी निर्देश दिया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी पवन कुमार और सभी खंड शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।







