KUSHINAGAR NEWS: नायब तहसीलदार पद पर चयनित होने के बाद पहली बार अपने गृह जनपद कुशीनगर पहुंचे आयुष कुमार शुक्ल का शुक्रवार को जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। जिले की सीमा में प्रवेश करते ही समर्थकों और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार अभिनंदन किया। पूरे रास्ते कई स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां लोगों ने मिठाई खिलाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनकी सफलता पर गर्व जताया। पड़रौना स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर, वार्ड नंबर-3, वावली-बलुचहां मार्ग पर स्थित उनके आवास सहित उसी वार्ड के सभासद विश्वनाथ प्रताप सिंह के आवास पर भी विशेष स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां लोगों ने माला पहनाकर व मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। आयुष कुमार शुक्ल, अशोक कुमार शुक्ल के पुत्र हैं, जो होमगार्ड इंस्पेक्टर पद से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनकी माता गीता शुक्ला एक गृहिणी हैं। परिवार ने सीमित संसाधनों में भी आयुष की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी और हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया। देर रात अपने आवास पहुंचने पर बधाई देने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान सदर विधायक मनीष जायसवाल भी उनके घर पहुंचे और माला पहनाकर तथा शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आयुष की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है और इससे अन्य युवाओं को प्रेरणा मिलेगी। इस अवसर पर उनके गुरु यशपाल शुक्ला ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल आयुष के लिए बल्कि ग्राम बेलही शुक्ल, पोस्ट होरलापुर के लिए भी गौरव का क्षण है, क्योंकि गांव का कोई युवक पहली बार प्रशासनिक अधिकारी बना है। उन्होंने आयुष को आगे आईएएस बनने के लक्ष्य के साथ निरंतर प्रयास करने की सलाह दी। आयुष कुमार शुक्ल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा का कार्य करेगा। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और क्षेत्रवासियों को दिया तथा युवाओं से मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की अपील की। पहली बार घर लौटने पर मिले इस भव्य स्वागत से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई और हर ओर उनकी सफलता की चर्चा रही। इस अवसर पर शैल्वी श्रीवास्तव, शशिकला श्रीवास्तव,अब्दुल्ला, मैनुद्दीन, छोटे कुशवाहा, बब्लू खरवार, अरुण कुशवाहा, अभिनाश सिंह, करीम, राजेन्द्र सिंह, आशीष कुमार शुक्ल, अजीत कुमार शुक्ल, अनिल शुक्ल, श्रीमती नंदिनी मिश्रा, अरुण कुमार मिश्रा, दीपक मिश्रा, प्रेम कुमार शुक्ल, संतोष कुमार शुक्ल सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।







