JHANSI NEWS: जिले के बबीना ब्लॉक अंतर्गत ग्राम खैलार में एक पशु फार्म पर कथित चिकित्सकीय लापरवाही से 10 बकरी के बच्चों की मौत का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला सावित्री देवी पत्नी बाबूलाल, निवासी थाना प्रेमनगर, ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और मुआवजे की मांग की है। सावित्री देवी ने बताया कि उनके फार्म में नेशनल लाइवस्टॉक मिशन (एनएलएम) योजना के तहत करीब 100 बकरा-बकरी और उनके बच्चे पाले जा रहे हैं। उनके अनुसार, समय-समय पर सरकारी पशु चिकित्साधिकारी फार्म का निरीक्षण करने आते रहे हैं। हाल ही में एक डॉक्टर ने फार्म पर पहुंचकर 40 बकरी के बच्चों को दवा पिलाने की सलाह दी। दवा पिलाने के कुछ समय बाद 10 बकरी के बच्चों की मौत हो गई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही आसरा एनजीओ के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सहायता उपलब्ध कराई। एनजीओ सदस्यों ने डायल 112 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की। मौके पर एनजीओ की अध्यक्ष पूजा शर्मा, बंटी शर्मा, रोहित, निशांत वर्मा, कीर्ति वर्मा, अमित वर्मा और शक्ति क्रोशिया सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पीड़िता ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित चिकित्साधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए और हुए नुकसान की भरपाई की जाए। वहीं, ग्रामीणों ने पशुपालकों की सुरक्षा, दवाओं की गुणवत्ता की जांच तथा बेहतर पशु चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।







