Home उत्तर प्रदेश पर्यावरण पहरूवा प्रवीण पांडेय सम्मानित, जल संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान को मिली...

पर्यावरण पहरूवा प्रवीण पांडेय सम्मानित, जल संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान को मिली पहचान

नदियों और तालाबों के संरक्षण के लिए किए कार्यों पर राष्ट्रीय स्तर पर सराहना
FATEHPUR NEWS:  पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले खागा नगर के विजय नगर निवासी पर्यावरण पहरूवा प्रवीण पांडेय को सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान गंगा समग्र के राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामशीष द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यालय, कानपुर में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान प्रदान किया गया। प्रवीण पांडेय को यह सम्मान जलतीर्थ, नदियों एवं तालाबों के संरक्षण-संवर्धन, नदी पदयात्राओं—विशेष रूप से यमुना पदयात्रा—तथा “ससुर खदेरी” अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ-साथ पर्यावरण विषय पर किए गए उत्कृष्ट लेखन के लिए दिया गया। गौरतलब है कि वर्ष 2024 में “जलनिधियों को जीने दो” विषय पर उनके सराहनीय कार्यों के लिए उन्हें जल शक्ति मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम सम्मान भी प्राप्त हो चुका है। इसके अलावा वर्ष 2025 में यमुना एवं उसकी सहायक नदियों पर उनका महत्वपूर्ण शोध कार्य “यमुना की सहेलियों की पीड़ा” प्रवासी भारत पब्लिकेशन द्वारा प्रकाशित हुआ, जिसे व्यापक सराहना मिली। इस अवसर पर अवधेश गुप्ता, शिक्षाविद अंगद सिंह, राजेश तिवारी, सूर्यप्रकाश शुक्ला, राम प्रसाद विश्वकर्मा, कुलदीप सिंह, सचिन सिंह, वीरेंद्र दुबे, राजेंद्र दुबे, सुबोध बाजपेई और संतोष जायसवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने प्रवीण पांडेय के पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण, शोध कार्यों और जनजागरण अभियानों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।