जाने वाले चल दिए अपनी यादें छोड़कर
MIRZAPUR NEWS: (अमरेश चन्द्र पाण्डेय) जनपद के निवासी राजपत्रित अधिकारी श्री शिवलाल अवस्थी का निधन हो जाने से पूरा शहर शोक में डूब गया। शिवलाल अवस्थी वरिष्ठ पत्रकार नितिन अवस्थी के पिता थे। आकस्मिक निधन से उनके आवास पर बुद्धिजीवियों गणमान्य व्यक्तियों, कर्मचारी संगठनों, पत्रकारों व साहित्यकारों की ओर से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों की होड़ लगी है। अत्यंत विनम्र, शालीन व मृदभाषी शिवलाल अवस्थी अपने आप में प्रेरणा स्त्रोत थे और वे सदैव आपसी सदभाव के सदैव न केवल पक्षधर रहे बल्कि सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाए” की भावना पर सदैव अग्रसर रहे। यही कारण है कि प्रदेश में कर्मचारी संगठनों के संरक्षक व वरिष्ठ पदाधिकारी का भार भी उनके कंधों पर था और जीवित रहते शिवलाल अवस्थी ने कभी कर्मचारी हित पर आंच आने नहीं दिया। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वे जब कभी लखनऊ से मीरजापुर आते थे तो उनसे मिलने वाले कर्मचारी संगठनों की भीड़ लग जाती थी और वे सबकी पीड़ा तन्मय होकर सुनते थे और सबके आंसु पोछने का प्रयास करते थे। उनकी यादें समाज को शुभेच्छुओ, मित्रों व परिवार को हमेशा रूलाती रहेगी । अपने पीछे वे भरा पूरा परिवार छोड़कर गए है। छोटे भाई गणेश लाल अवस्थी जहां एक ओर प्रख्यात होम्योपैथिक चिकित्सक व साहित्यकार के रूप में समाज सेवा में हैं तो पुत्र नितिन अवस्थी एक योग्य पत्रकार के रूप में पिता के पदचिन्हों पर चलकर समाज में व्याप्त अन्याय, अत्याचार से लड़ रहे हैं। इस संबंध में अलग अलग शोक संतप्त पत्रकार संगठनों ने बैठक कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। इसी क्रम में विजय प्रताप सिंह वरिष्ठ पत्रकार के नेतृत्व में शिवलोक पर एक कार्यक्रम में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई और मृतक आत्मा की शान्ति और परिवार को इस असहय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से कामना की गयी। श्रद्धांजलि देने वालों में पत्रकार मिथिलेश अग्रहरि, सत्येंद्र विश्वकर्मा, अभय कुमार त्रिपाठी, राहुल त्रिपाठी, सारिका दूबे, दयाशंकर वर्मा आदि मौजूद थे।







