Home उत्तर प्रदेश पति से विवाद होने पर राप्ती नदी में कूदी पत्नी

पति से विवाद होने पर राप्ती नदी में कूदी पत्नी

BALRAMPUR NEWS: कमाल खान(ब्यूरो प्रमुख)  सेल्फी लेने में पति-पत्नी में हुए झगड़े के बाद पत्नी ने राप्ती नदी में छलांग लगा दी। पहले पत्नी ने अपनी चप्पल उतारकर नदी में फेंकी। उसके बाद खुद भी कूद गई। पत्नी को बचाने के लिए पति भी पीछे से कूद गया लेकिन तब तक महिला पानी में डूब चुकी थी। स्थानीय लोगों ने जब यह देखा तो नदी में कूदकर पति को बाहर निकाला। पुलिस को मामले की सूचना दी गई। पुलिस पति को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है। ये मामला बलरामपुर के कोड़री घाट पुल का है। पत्नी अपने पति के साथ बाइक से मायके से ससुराल लौट रही थी। तभी दोनों कोड़री घाट पुल पर रुककर सेल्फी लेने लगे। उसी दौरान दोनों में विवाद होने लगा और पत्नी अचानक नदी में कूद गई। महिला की तलाश के लिए गोताखोरों को लगाया गया था लेकिन अभी तक वह नहीं मिली है। अंधेरा होने की वजह से सर्च अभियान रोक दिया गया है।
साल 2023 में हुई थी दोनों की शादी
पुलिस के अनुसार, महिला का नाम शीला देवी (22) है। पति का नाम विजयपाल (23) है। दोनों की शादी साल 2023 में हुई थी। शीला का मायका ललिया थाना क्षेत्र के ग्राम मकुनहवा में है। उसका ससुराल श्रावस्ती में है। विजय दो दिन पहले ही अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया था। अभी दोनों के बच्चे नहीं हैं। विजय मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करता है। मामले में एएसपी विशाल पाण्डेय का कहना है, पति से पूछताछ की जा रही है। विवाद के बाद पत्नी ने नदी में छलांग लगाई है। पत्नी की तलाश की जा रही थी। शनिवार को फिर से तलाश शुरू की जाएगी।