Home उत्तर प्रदेश पति-पत्नी विवाद में एंटी रोमियो टीम की सूझबूझ से हुआ सुलह

पति-पत्नी विवाद में एंटी रोमियो टीम की सूझबूझ से हुआ सुलह

मिशन शक्ति 5.0 के तहत थाना कोतवाली की सराहनीय पहल

JAUNPUR NEWS : मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के साथ-साथ सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कोतवाली की एंटी रोमियो टीम ने एक दांपत्य विवाद को सुलझाकर मिसाल कायम की।
जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत दोनों पक्षों से संपर्क किया और परिजनों सहित उन्हें थाना कोतवाली बुलाया। महिला चैकी प्रभारी उपनिरीक्षक पुष्पा व अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में काउंसलिंग कराई गई। संवाद के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे की भावनाओं को समझते हुए भविष्य में विवाद से बचने तथा पारिवारिक दायित्व निभाने का संकल्प लिया। सुलह के बाद पति-पत्नी ने साथ रहने का निर्णय लिया। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक पुष्पा, हेड कांस्टेबल शिव प्रकाश, महिला आरक्षी कंचन सिंह और राशि मिश्रा शामिल रहे।
इस पहल से न केवल एक परिवार टूटने से बच गया बल्कि समाज में पुलिस की संवेदनशील और सकारात्मक भूमिका की झलक भी देखने को मिली। जौनपुर पुलिस मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए निरंतर कार्यरत है।