MIRZAPUR NEWS: (अमरेश चन्द्र पाण्डेय) पड़री थाना पुलिस व एसओजी सर्विलांस की संयुक्त टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 100.60 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ पांच अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया। बरामद गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। तस्करी में प्रयुक्त होंडा सिटी कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर जनपद में अपराध व मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में पड़री थाना पुलिस और एसओजी सर्विलांस की टीम ने शनिवार की शाम वाहन चेकिंग के दौरान पड़री थाना क्षेत्र के बडौरी महादेव मंदिर के पास से होंडा सिटी कार (UP 32 FV 0200) में सवार पांच लोगों को पकड़ लिया। वाहन की तलाशी के दौरान उसमें छिपाकर रखा गया 100.60 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने सत्यम सिंह उर्फ राहुल सिंह निवासी अघवार थाना पड़री, सौरभ मिश्रा उर्फ पुष्कर मिश्रा निवासी देवरी थाना पड़री, विकास तिवारी उर्फ विक्कू निवासी देवरी थाना पड़री, राजन तिवारी उर्फ विश्वजीत तिवारी निवासी नबैया थाना मेजा जनपद प्रयागराज तथा पवन पाण्डेय निवासी देवरी थाना पड़री को गिरफ्तार किया गया। जिनके कब्जे से100.60 किलोग्राम अवैध गांजा तस्करी में प्रयुक्त होंडा सिटी कार तीन मोबाइल फोन 510 रुपये नकद बरामद किया गया। पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना पड़री पर मु0अ0सं0-79/2025 धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा के संभलपुर से गांजा लाकर मीरजापुर, प्रयागराज व आसपास के जनपदों में सप्लाई करने जा रहे थे। गांजा बेचकर मिलने वाले पैसे को आपस में बांट लेते थे।







