SIDHARTHNAGAR NEWS: नेपाल सीमा की सुरक्षा को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस उपमहानिरीक्षक, बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने शुक्रवार को शोहरतगढ़ स्थित होटल आर.आर. पैलेस में नेपाल बॉर्डर सुरक्षा समन्वय समिति की बैठक की। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन, सीमा सुरक्षा बल के कमांडेंट उज्जवल दत्ता, कस्टम एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान ‘ऑपरेशन कवच’ के तहत मादक पदार्थों और अन्य अवैध तस्करी पर रोक लगाने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान को मजबूत किया जाए, अवैध कारोबार में संलिप्त तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा प्रतिबंधित दवाओं के दुरुपयोग पर अंकुश लगाने के लिए आमजन में जागरूकता बढ़ाई जाए। डीआईजी ने सीमा क्षेत्र में नियमित गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी एजेंसियां समन्वय बनाकर कार्य करें और महत्वपूर्ण सूचनाओं का तत्काल साझा करें। बैठक में ‘ऑपरेशन कवच’ के तहत अपेक्षित कार्य न करने और लापरवाही बरतने के आरोप में प्रभारी निरीक्षक मनोहर लाल के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। बैठक के उपरांत डीआईजी बस्ती ने अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ खुनुवा बॉर्डर पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद, क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी, कस्टम निरीक्षक कपूर सिंह तथा सीमा क्षेत्र के थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।







