हवाई हमले की स्थिति का होगा अभ्यास, पुलिस लाइन में मॉक ड्रिल का आयोजन
तैयारियों को लेकर एडीएम ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
PRATAPGARH NEWS: नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की जयंती के अवसर पर 23 जनवरी 2026 को जनपद प्रतापगढ़ में ब्लैकआउट एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) आदित्य प्रजापति ने शुक्रवार को सायंकाल एन0आई0सी0 सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में एडीएम ने बताया कि 23 जनवरी 2026 को शाम 6ः00 बजे पुलिस लाइन में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की स्थिति को दर्शाया जाएगा। सायरन बजते ही सभी लोगों को जमीन पर लेटने तथा खुले स्थानों पर मौजूद लोगों को निकटतम सुरक्षित (भूमिगत) स्थानों में जाने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान सायरन ध्वनि होते ही सभी निर्धारित क्षेत्रों/स्थलों की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी जाएगी। एडीएम ने बताया कि मॉक ड्रिल में हवाई हमले के पश्चात आग लगने, लोगों के घायल होने अथवा मृत्यु जैसी परिस्थितियों का भी अभ्यास कराया जाएगा। आग लगने की स्थिति में अग्निशमन विभाग द्वारा तत्काल आग पर काबू पाया जाएगा। स्वयंसेवकों एवं स्वास्थ्य विभाग की मदद से घायलों को अस्पताल भेजकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त दूरसंचार एवं विद्युत व्यवस्था को बहाल कराया जाएगा। इस संपूर्ण अभ्यास में आपदा प्रबंधन विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, नगर पालिका, होमगार्ड, स्वयंसेवक, एनसीसी सहित सभी विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। एडीएम ने सभी विभागों को अपने-अपने दायित्वों के प्रति पूर्ण सजग रहने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आम जनमानस में इस संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि सायरन बजने पर लोग घबराएं नहीं और शांति बनाए रखें। बैठक में समस्त सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।







