पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किया सम्मानित, एशियन योगासन स्पोर्ट्स चैम्पियनशिप में जीता स्वर्ण
FATEHPUR NEWS: जनपद के देवमई विकासखंड के मिराई गांव की बेटी नीतू सिंह ने अपनी प्रतिभा का लोहा पूरे एशिया में मनवाया है। छठी एशियन योगासन स्पोर्ट्स चैम्पियनशिप पिजौरा (यूएई) में 16 देशों के प्रतिस्पर्धियों को पछाड़कर उन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसी उपलब्धि के चलते समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें “प्रतिभा प्रेरणा माता सावित्री बाई फूले पुरस्कार” से सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी मुख्यालय (19, विक्रमादित्य मार्ग) में आयोजित सम्मान समारोह में अखिलेश यादव ने नीतू सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विख्यात कॉमेडियन राजीव निगम भी मौजूद रहे। नीतू सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मेहनत और गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने बताया कि उन्हें बिंदकी के सुशील पटेल और डॉ. दुर्गेश कुमार से निरंतर प्रोत्साहन मिला। नीतू सिंह अब तक चार बार राज्य स्तर पर गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का परचम लहराया है। उनके पिता जितेंद्र सिंह भी इस मौके पर मौजूद रहे। अखिलेश यादव ने कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना बड़ी उपलब्धि है और नीतू जैसे युवा खिलाड़ियों पर देश को गर्व है। गांव की बेटी की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। ग्रामीणों ने कहा कि नीतू ने अपने दम पर न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे फतेहपुर का नाम रोशन किया है। नीतू सिंह की सफलता ने यह साबित किया है कि मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।







