– फाफामऊ विधानसभा में निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी हीरालाल सैनी ने की कार्रवाई, 4 बीएलओ को दी गई कडी चेतावनी।
लालगोपालगंज। फाफामऊ विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य में शिथिलता बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है। निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी ने समीक्षा बैठक के दौरान लापरवाही पाए जाने पर एक सुपरवाइजर और दो बीएलओ का मानदेय रोकने का आदेश दिया है, जबकि चार को कड़ी चेतावनी जारी की गई है।
ईआरओ हीरालाल सैनी ने फाफामऊ विधानसभा के अंतर्गत फॉर्म 6, 7 व 8 के निस्तारण तथा नोटिस की सुनवाई के कार्यों की समीक्षा किया। बैठक के दौरान पाया गया कि कई बूथों पर कार्य की प्रगति अत्यंत धीमी और संतोषजनक नहीं है। निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में इस प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी ने इस तरह का दंडात्मक कदम उठाते हुए बूथ संख्या 154 के बीएलओ सौरभ शेखर और बूथ संख्या 337 के बीएलओ अभिताभ मिश्र के मानदेय भुगतान पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। वहीं पर्यवेक्षण कार्य में लापरवाही बरतने पर बूथ संख्या 1 से 10 के सुपरवाइजर रामकुमार का भी वेतन रोकने को संबंधित अधिकारी को निर्देश दिया है। इसी प्रकार संतोशजनक कार्य न करने पर बूथ संख्या 34, 255, 271 एवं 341 की बीएलओ पदमा शुक्ला, शिवानी पटेल, रेखा सिंह व पूनमलता को कड़ी चेतावनी दी गई। इस कार्रवाई से निर्वाचन कार्य में लगे अन्य कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। ईआरओ हीरालाल सैनी ने कहा कि कि चुनाव संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।







