SIDHARTHNAGAR NEWS: बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने विकास खंड उसका बाजार के आयुष्मान आरोग्य मंदिर, उपकेंद्र गंगाधरपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वे वहां आयोजित बीएचएनडी (ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस) कार्यक्रम का जायजा ले रहे थे। निरीक्षण के समय, जिलाधिकारी ने एएनएम से गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच के बारे में पूछताछ की। उन्होंने पाया कि गर्भवती महिलाओं के एमसीपी कार्ड तो बने थे, लेकिन ड्यू लिस्ट अपडेट नहीं थी। इतना ही नहीं, कार्डों पर आरसीएच नंबर भी दर्ज नहीं थे और गर्भवती महिलाओं का नियमित फॉलोअप भी नहीं किया जा रहा था। इस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल एमओआईसी, एएनएम पीयूषलता और सीएचओ से स्पष्टीकरण मांगा। डीएम ने खुद एक एचआरपी (हाई रिस्क प्रेग्नेंसी) महिला से फोन पर बात कर उसका हालचाल जाना। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के सैम-मैम (अति कुपोषित) बच्चों के रजिस्टर को भी देखा और पोषाहार वितरण की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने एएनएम को सख्त निर्देश दिए कि वे एचआरपी महिलाओं का नियमित जांच और टीकाकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि बीएचएनडी दिवस पर गोदभराई, अन्नप्राशन और पोषाहार वितरण का कार्य किया जाए। आशा डायरी पूरी न होने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। डीएम ने आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे घर-घर जाकर टीकाकरण से एक दिन पहले ही गर्भवती महिलाओं और बच्चों को सूचित करें, ताकि कोई भी जांच और टीकाकरण से वंचित न रहे। उन्होंने सभी गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उनकी नियमित निगरानी करने का भी निर्देश दिया।







