Home उत्तर प्रदेश नियुक्ति न होने से नाराज सफाईकर्मी अभ्यर्थी चढ़ा 80 फीट ऊंचे टावर...

नियुक्ति न होने से नाराज सफाईकर्मी अभ्यर्थी चढ़ा 80 फीट ऊंचे टावर पर

कई घंटे तक उसे मनाने में लगे रहे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी, तब जाकर वह माना
BHADOHI NEWS:  जनपद में नियुक्ति की मांग को लेकर एक सफाईकर्मी अभ्यर्थी शुक्रवार को नाराज होकर ज्ञानपुर कलेक्ट्रेट स्थित 80 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। सफाईकर्मी अभ्यर्थी के टावर पर चढ़ने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया तो वहीं प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ-पैर फूल गए। हालांकि किसी तरह समझा-बुझाकर अधिकारियों ने उसे टावर से नीचे उतरवा दिया। ज्ञानपुर क्षेत्र के पूरे दयाल कंसापुर करियांव निवासी पंधारी कन्नौजिया (45 वर्ष) जो कि सफाईकर्मी अभ्यर्थी है। वह टावर पर चढ़कर बैठ गया। जिले में सफाई कर्मी अभ्यर्थी 2008 से लगातार अपनी नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। इन 17 वर्षों में उन्होंने धरना प्रदर्शन, आमरण अनशन सहित कई आंदोलन किए, लेकिन उनकी नियुक्ति अभी तक नहीं की गई। हालांकि मुख्यमंत्री ने एक जनसभा में उनकी नियुक्ति का आश्वासन दिया था, फिलहाल जिले में यह वादा पूरा नहीं हुआ। जबकि, अन्य जनपदों में 2008 में ही सफाईकर्मियों की नियुक्ति कर ली गई थी। अभ्यर्थी तब और आक्रोशित हो गए जब जनपद में अन्य जिलों से सफाईकर्मियों को लाकर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई। पंधारी कनौजिया ने कहा कि हम लोग लगातार 17 सालों से आंदोलनरत हैं। हमारी नियुक्ति न करके अन्य जनपदों के सफाईकर्मियों को भदोही में नियुक्त करना हम सभी के साथ अन्याय है। अभ्यर्थी के टावर पर चढ़ने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। घंटों तक पुलिस और प्रशासन के अधिकारी उसे नीचे उतारने के लिए समझाते रहे और आश्वासन देते रहे कि उनकी मांगें पूरी कर ली गई हैं, लेकिन अभ्यर्थी नीचे नहीं उतर रहा था। टावर के नीचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी खड़े हो उसको उतरने के लिए आवाज देते रहे। काफी संख्या में तमाशबीन भी मजमा लगाए बैठे रहे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के काफी समझाने-बुझाने के बाद सफाईकर्मियों अभ्यर्थी माना और टावर से नीचे उतरा। तब जाकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली।