Home उत्तर प्रदेश नाले में समा जाने से छात्र की मौत, घर में मचा कोहराम

नाले में समा जाने से छात्र की मौत, घर में मचा कोहराम

PRATAPGARH NEWS: शौच को गये छात्र के गहरे नाले में समा जाने से परिजनों में कोहराम मच गया। लालगंज कोतवाली के लोहंगपुर निवासी आशीष सरोज 17 पुत्र हरिश्चंद्र सरोज दिल्ली में रहकर पढ़ाई करता था। बाबा की मौत के बाद घर में हो रहे क्रियाकर्म में शामिल होने वह दिल्ली से घर आया था। गुरूवार की देर शाम वह अपने चचेरे भाई दीपक के साथ गांव के पास एक नाले के समीप शौच को गया था। शौच क्रिया के समय आशीष का पैर अचानक फिसल गया। वह नाले में डूबने लगा। चचेरे भाई की चीखपुकार पर परिजन मौके पर पहुंचे। बदहवाश परिजनों ने उसकी खोज शुरू की। इस बीच लालगंज पुलिस को भी हादसे की सूचना मिल गयी। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार फोर्स के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने फायर बिग्रेड टीम को मौके पर बुलवाया। ग्रामीणों के साथ फायर सर्विस ने भी देर रात तक आशीष की तलाश की। इसके बावजूद उसका पता रात में नही चल सका। शुक्रवार की सुबह पुलिस ने अमेठी से गोताखोरों को बुलवाया। गोताखोरों ने मशक्कत कर घटना से कुछ दूर केदौरा गांव में अंतेष्टि स्थल के समीप सुबह करीब सवा नौ बजे नाले में गिरे एक पेड़ में अटके शव की तलाश कर ली। आशीष का शव देख परिजन बिलख पड़े। पुलिस ने शुक्रवार को मृतक छात्र के शव का पंचनामा कर पीएम के लिए भेजवाया। मृतक आशीष दिल्ली में रहकर इण्टर की पढ़ाई कर रहा था। वह दो भाईयों में छोटा था। परिजन छात्र का शव लेकर घर ले आये। नियति का कालचक्र बाबा बद्री सरोज की तेरहवीं के पहले आशीष को अपने आगोश में ले बैठा। गमजदा परिवार में छात्र की मौत से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं घटनास्थल पर जुटे ग्रामीणों में हादसे को लेकर दबीजुबान से चर्चा भी कुछ अलग देखी सुनी गयी। मृतक छात्र के मुख से बह रहे खून को ग्रामीण पेड़ में अटकने की शंका से जोड़ते दिखे। वहीं ग्रामीणों ने नाले में बहाव तेज न होने के कारण छात्र के डूबने को लेकर संशय का भी माहौल देखा गया। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार का कहना है कि शव पीएम के लिए भेजा गया है, यदि तहरीर मिलती है तब जांच की जाएगी।