Home उत्तर प्रदेश नाजरथ अस्पताल में योग संगम का उत्साहपूर्वक आयोजन

नाजरथ अस्पताल में योग संगम का उत्साहपूर्वक आयोजन

PRAYAGRAJ NEWS: प्रातः हुई हल्की वर्षा की परवाह किए बिना, नाजरथ अस्पताल परिसर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्साहपूर्वक योग संगम  का आयोजन किया गया। सुबह 5ः30 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में लगभग 200 स्टाफ सदस्य और छात्र-छात्राएँ शामिल हुए। सभी ने स्वास्थ्य, समरसता और जागरूकता को समर्पित इस वैश्विक पर्व में पूरे जोश के साथ भाग लिया।
योग सत्र का संचालन प्रसिद्ध योगाचार्या श्रीमती पल्लवी दयाल द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योग आसनों, श्वास तकनीकों और विश्राम अभ्यासों के माध्यम से योग की शक्ति का अनुभव कराया। उनकी शांत उपस्थिति और सहज मार्गदर्शन ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। यह आयोजन अस्पताल की समग्र स्वास्थ्य सेवा और रोगों की रोकथाम हेतु जागरूकता के उद्देश्य से किया गया था। प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना की और कहा कि यह सत्र अत्यंत ताजगी देने वाला और ऊर्जावान अनुभव रहा। इस अवसर पर निदेशक फा. विपिन डीसूजा ने योग को दैनिक जीवन में शामिल करने के महत्व पर बल दिया और सभी को नियमित रूप से योग अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन सुबह 6रू45 बजे धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें योगाचार्या पल्लवी दयाल और उनकी सहायक भावना जैन के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस सफल आयोजन के माध्यम से नाजरथ अस्पताल ने एक बार फिर अपने समुदाय में स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता को सिद्ध किया।