PRATAPGARH NEWS: पौराणिक स्थली बाबा घुइसरनाथ धाम में नागपंचमी के पर्व पर आस्था व श्रद्धा तथा भक्ति का मनोरम संगम दिखा। भोर मे ही बाबा का पट खुलते ही श्रद्धालुओं ने देवाधिदेव महादेव को दूध तथा फल व फूल अक्षत समर्पित कर जलाभिषेक किया। वहीं नाग पंचमी के पर्व को देखते हुए मंगलवार को भी बाबा धाम में कांवड़िया श्रद्धालुओं की भीड़ बढी दिखी। बाबा धाम के अलावा देउम व तिना चितरी के बाबा बूढ़ेश्वरनाथ तथा लालगंज कस्बे के प्राचीन शिव मंदिर समेत मंदिरों में भी नाग पंचमी पर श्रद्धालुओं का दिन भर जमघट दिखा। नन्हें मुन्हें बच्चों ने गांव तथा कस्बे में गुड़िया के त्यौहार की रंगत बढ़ाई। ग्रामीण इलाकों में कुश्ती तथा कबडडी के विविध आयोजनों का भी देर शाम तक सिलसिला देखा गया।







