Home उत्तर प्रदेश नहर में मिला अज्ञात युवक का शव, नहीं हुई पहचान

नहर में मिला अज्ञात युवक का शव, नहीं हुई पहचान

शव को पोर्टमार्टम में भेजकर पुलिस जांच में जुटी

FATEHPUR NEWS: ललौली थाना क्षेत्र के सिधांव गांव स्थित निचली गंगा नहर में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय ग्रामीणों ने एक युवक का शव बहता हुआ देखा। देखते ही देखते घटना की खबर पूरे इलाके में जंगल की आग की तरह फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार मृतक युवक की उम्र लगभग 35 वर्ष प्रतीत हो रही है। शव तीन दिन पुराना बताया जा रहा है, जिससे उसके शरीर से बदबू भी फैलने लगी थी। युवक ने काली टी-शर्ट और हाफ पैंट पहन रखी थी। उसके बाएं हाथ पर अंग्रेजी में ‘नीरज’ नाम गुदा हुआ है, वहीं दाहिने हाथ में कलावा बंधा हुआ मिला। युवक का रंग गोरा है और चेहरे पर हल्की दाढ़ी भी है। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के इलाकों में मृतक की पहचान के लिए प्रयास कर रही है और अन्य थानों को भी जानकारी भेजी गई है। साथ ही मृतक के हुलिए और हाथ पर लिखे नाम के आधार पर परिजनों की तलाश जारी है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि युवक की मौत तीन दिन पहले हुई होगी और शव नहर में बहते-बहते यहां आकर फंस गया। हांलाकि युवक की मौत डूबने से हुई है या किसी अन्य कारण से यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने बताया कि शव की शिनाख्त होते ही परिजनों को सूचना दी जाएगी और आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।