KAUSHAMBI NEWS: रविवार को खंड शिक्षा क्षेत्र कड़ा में नव भारत साक्षरता मिशन (उल्लास कार्यक्रम) के अंतर्गत नव साक्षरों की परीक्षा आयोजित की गई। क्षेत्र के 30 परीक्षा केंद्रों पर हुई इस परीक्षा में 95 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया। सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं स्वच्छ वातावरण में सम्पन्न कराई गई। खंड शिक्षा अधिकारी कड़ा नीरज उप्राव के निर्देशन में शिक्षकों ने परीक्षा का संचालन किया गया। परीक्षा को सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए एक दिन पूर्व ही सभी केंद्रों पर बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण और अन्य आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। खंड शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों को निर्देशित किया था कि वे समय से विद्यालय पहुंचकर परीक्षा को पारदर्शी व व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराएं और शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। उनके निर्देशन में सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि इस परीक्षा का उद्देश्य 15 वर्ष या उससे अधिक आयु के निरक्षर वयस्कों की बुनियादी पढ़ने, लिखने और गणितीय क्षमता का मूल्यांकन करना है, ताकि उन्हें साक्षर बनाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। परीक्षा में सफल प्रतिभागियों को आगे चलकर कक्षा 5 के समकक्ष प्रमाण पत्र प्रदान किए जाने की व्यवस्था भी है।







