Home आस्था नवरात्रि पर पलटा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना, जनकल्याण की कामना

नवरात्रि पर पलटा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना, जनकल्याण की कामना

SIDHARTHNAGAR NEWS: पावन चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिवस के अवसर पर क्षेत्र के प्रसिद्ध पलटा देवी मंदिर में शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा एवं जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने विधिवत पूजा-अर्चना कर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई, जहां मंदिर के पुजारियों ने पूरे विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। विधायक विनय वर्मा एवं जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने जनपदवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं उन्नति की कामना की। इस अवसर पर विधायक विनय वर्मा ने कहा कि नवरात्रि का पावन पर्व समाज में आपसी भाईचारा, एकता और सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए पर्व को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने कहा कि नवरात्रि का पर्व शक्ति, संयम और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है, जो समाज के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पूजा-अर्चना के उपरांत जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच फल वितरण किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने भाग लिया और कार्यक्रम की सराहना की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित रखने पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ विवेकानन्द मिश्रा, खंड विकास अधिकारी बृजभूषण तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।