सफाई व्यवस्था, रेहड़ी – पटरी एवं यातायात पर सौंपा ज्ञापन
FATEHPUR NEWS: उत्तम उद्योग व्यापार मंडल ने नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार तिवारी और जिलाध्यक्ष मनोज साहू के नेतृत्व में व्यापारियों ने पांच प्रमुख मांगें रखी हैं। व्यापारियों ने रेहड़ी-पटरी वालों की समस्या का समाधान मांगा है। उनका कहना है कि सब्जी विक्रेताओं को यातायात के बाधक मानकर प्रताड़ित किया जाता है। इसलिए उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में उचित स्थान आवंटित किया जाए। पचास नंबर गेट पर पुल के पुनर्निर्माण के कारण वर्मा तिराहा के पास सब्जी बेचने वालों को गढ़ीवा स्थित नाले वाली रोड पर स्थानांतरित करने की मांग की गई है। रोडवेज बस स्टॉप पर बैरिकेटिंग पिलर लगाने की मांग भी की गई है। नवरात्रि और आगामी त्योहारों को देखते हुए साफ-सफाई और रोशनी की विशेष व्यवस्था की मांग की गई है। नालियों में कीटनाशक दवा का छिड़काव और नियमित फॉगिंग की भी मांग शामिल है। शहर के विभिन्न बाजारों में पार्किंग, शौचालय और फुटपाथ डिवाइडर की व्यवस्था की मांग भी की गई है। ज्ञापन देने वालों में संदीप श्रीवास्तव, जय किशन, प्रशांत सिंह चौहान और अनिल महाजन सहित अन्य व्यापारी मौजूद थे।







