Home उत्तर प्रदेश नवरात्रि को लेकर ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी में पीस कमेटी की...

नवरात्रि को लेकर ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी में पीस कमेटी की बैठक

प्रशासन ने दिए निर्देश, शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं पर्व; डीजे के नियमों का पालन जरूरी

SIDHARTHNAGAR NEWS: आगामी नवरात्रि पर्व को शांति और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी कस्बे में बुधवार शाम 4 बजे पीस कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। सात्विक मैरिज हॉल में आयोजित इस बैठक में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने पंडाल समितियों और स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर तैयारियों पर चर्चा की।
बैठक में उपस्थित उपजिलाधिकारी विवेकानंद मिश्र ने लोगों से अपील की कि वे अपने पारंपरिक तरीके से त्यौहार मनाएं और किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचने के लिए सतर्क रहें। उन्होंने सभी पंडाल समितियों को पर्व के लिए आवश्यक अनुमति (परमिशन) लेने और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
वहीं, क्षेत्राधिकारी पवीन प्रकाश ने लोगों को अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने वालों और खुराफातियों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। डीजे बजाने के लिए भी उन्होंने सख्त दिशानिर्देश दिए और कहा कि ध्वनि प्रदूषण से बचने के लिए इसे निर्धारित मापदंडों के अनुसार ही बजाया जाए।
थानाध्यक्ष नारायण लाल श्रीवास्तव ने कस्बे के लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए आपसी भाईचारे के साथ त्यौहार मनाने की बात कही। बैठक में चौकी प्रभारी अनिरुद्ध सिंह, बिजली विभाग के लाईन मैंन विजय शर्मा, सभासद सतीश शर्मा, पंकज चतुर्वेदी,नितेश रौनियार, यश कसौधन,श्रीराम, त्रिजुगी अग्रहरि, आशीष अग्रहरि, रिंकू अग्रहरि सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।