AURAIYA NEWS: दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर स्थित पाता स्टेशन के पास में अप लाइन के किनारे एक युवक ने ट्रेन के सामने कूद कर आत्म हत्या कर ली। स्टेशन मास्टर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अछल्दा थाना क्षेत्र के गांव बैलीपुर निवासी सहज नाथ का 26 वर्षीय पुत्र राम बाबू पूना में रहकर प्राइवेट जॉब करता था। उसकी शादी मैनपुरी जनपद के थाना विशुनगढ़ निवासी चंद्र पाल की पुत्री लक्ष्मी देवी के साथ विगत 6 वर्ष पूर्व हुई थी। रक्षा बंधन के कुछ दिन पहले पत्नी अपने मायके चली गई थी। रक्षा बंधन बीतने के बाद वापस नहीं आई। जिसकी वजह से रामबाबू रात्रि में घर से निकल कर दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर स्थित पाता स्टेशन के पास पहुंचा और वहां से निकल रही किसी गाड़ी से कट गया। उसका क्षत-विक्षत शव अप लाइन के किनारे पर पड़ा हुआ था। रात्रि में स्टेशन मास्टर ने थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करने के बाद शव को पहचान हेतु मोर्चरी में रखवा दिया था। सुबह पहचान होने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। मृतक के एक पुत्र व एक पुत्री है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश पाल ने बताया की शव की पहचान हो गई थी, जिसका पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।







