PRATAPGARH NEWS: सई नदी में नहाते समय पैर फिसल जाने से युवक नदी के गहरे पानी में समा गया। युवक मनोरोगी बताया जा रहा है। स्थानीय गोताखोर व पुलिस नदी में समाए युवक की खोजबीन में जुटी है। सांगीपुर थाना क्षेत्र के बाबा घुइसरनाथ धाम के समीप से गुजरी सई नदी में सोमवार को दोहपर करीब तीन बजे एक युवक नदी किनारे पानी में नहा रहा था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नदी के गहरे पानी में डूबने लगा। वहां मौजूद कुछ युवकों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन युवक गहरे पानी में समा गया। नदी में युवक के डूबने की जानकारी होते ही वहां लोगों की भीड़ जुट गयी। सूचना पर पुलिस पहुंची। जानकारी होने पर राजस्व निरीक्षक रामचंद्र त्रिपाठी भी टीम के साथ पहुंच गये। स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर नदी में समाये युवक की खोजबीन की जाने लगी। समाचार भेजे जाने तक युवक का पता नहीं चल सका है। एसओ मनीष त्रिपाठी ने बताया कि छानबीन में पता चला कि नदी में डूबा युवक कुंभापुर निवासी श्रीनाथ वर्मा का छब्बीस वर्षीय पुत्र उपदेश वर्मा है। उसे मनोरोगी भी बताया जा रहा है। नदी में डूबे युवक की तलाश की जा रही है।







