PRAYAGRAJ NEWS: भाजपा महानगर की नई टीम घोषित होने के बाद महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने गुरुवार को जिला पदाधिकारियों के साथ बैठक करते हुए संगठन के आगामी कार्यक्रमों को लेकर रूपरेखा पर चर्चा की। जिला महामंत्री डॉ शैलेश पांडेय ने बताया कि कार्यक्रम के तहत 6 अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस पर प्रयागराज महानगर के सभी 15 मंडलों के समस्त बूथों सहित पार्टी कार्यालय पर स्वच्छता अभियान मिष्ठान वितरण का कार्यक्रम किया जाएगा साथ ही घरों पर पार्टी का झंडा लगाते हुए सेल्फी लेने का कार्यक्रम भी किया जाएगा। उससे पहले स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर पार्टी कार्यालय को स्वदेशी विद्युत झालरों से सजाया जाएगा। 8 एवं 9 अप्रैल को पार्टी के दो बार के सक्रिय सदस्यों का विधानसभा स्तर पर सम्मेलन आयोजित करने की योजना पर चर्चा की गई। वहीं 14 अप्रैल को संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती पर महानगर के सभी मंडलों के समस्त बूथों पर अबेंडकर प्रतिमा एवं चित्र पर माल्यार्पण एवं उससे पहले पूर्व संध्या पर(13 अप्रैल) दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा 2027 के चुनाव को लेकर भी महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने पदाधिकारियों से पूरी मेहनत व रणनीति से लग जाने का आह्वाहन किया। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि हम संकल्प लें कि नई टीम नई ऊर्जा व उत्साह के सबको साथ लेकर संगठन के लिए काम करे और 2027 में महानगर की तीनों विधानसभा सीटों पर जीत का परचम लहराकर संगठन की झोली में डाले। इस दौरान जिला महामंत्री डॉ शैलेश पांडेय, विक्रमजीत भदौरिया, रमेश पासी, जिला उपाध्यक्ष कुंज बिहारी मिश्रा, प्रमोद मोदी, आनंद सोनकर, आनंद श्रीवास्तव, जिला मंत्री विजय श्रीवास्तव, अजय सिंह, सचिन जायसवाल, अरुण पटेल, दीप द्विवेदी, मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव, सह मीडिया प्रभारी विवेक मिश्रा मौजूद रहे।







