दीप प्रज्वलन व तैलीय चित्र पर माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
FATEHPUR NEWS: दोसर वैश्य महासमिति द्वारा रज्जन गेस्ट हाउस में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं पार्षद जी के तैलीय चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, मुख्य वक्ता नागपुर (महाराष्ट्र) के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद कुमार गुप्ता एवं जिला अध्यक्ष नारायण बाबू गुप्त उपस्थित रहे। महासमिति द्वारा मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता को माल्यार्पण, अंगवस्त्र व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। आनंद विद्या मंदिर स्कूल के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। अपने संबोधन में नव मनोनीत भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने कहा कि जो समाज संगठित रहता है, वही अपने लक्ष्य को प्राप्त करता है। वर्तमान समय में सभी को एकजुट रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा के व्यापक स्वरूप के पीछे समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता। साथ ही देश के आर्थिक विकास में भी समाज की अहम भूमिका रहती है। मुख्य वक्ता प्रदीप गुप्ता ने कहा कि समाज में अच्छे कार्य करने वालों की ही पहचान होती है। समाज को परिवार की तरह चलाना होगा और सभी के मान-सम्मान व भावनाओं का आदर करना होगा। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों को त्यागने एवं बच्चों को शिक्षित करने पर जोर दिया। जिला अध्यक्ष नारायण बाबू गुप्त ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति सराहनीय है। कार्यक्रम का सफल संचालन राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद गुप्ता द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महिला जिला अध्यक्ष कविता गुप्ता, दुर्गा शंकर गुप्ता, सुनीता गुप्ता, विकास गुप्ता, रमेश गुप्ता, अश्विनी गुप्ता, सुरेश गुप्ता, संजय गुप्ता, मनीष गुप्ता, राम विशाल गुप्ता, नंदलाल गुप्त, ओम प्रकाश गुप्ता, साजन गुप्ता, अशोक गुप्ता, अमित गुप्ता, आनंद गुप्ता, सुशील गुप्ता, सोना गुप्ता, रंजन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे हैं।







