DEHRADUN: दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर शाकुंभरी देवी गेट के पास मोहण्ड के जंगल में सड़क किनारे से होकर गुजर रहे बिजली के तारों से टकराकर दस टायरा ट्रक में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटे आसमान छूने लगी, इस दौरान दहशत के मारे सड़क के दोनों तरफ ट्रैफिक जहां का तहां रुक गया और सूचना मोहण्ड पुलिस चौकी को भेजी गई। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची तब तक सामान से लदा ट्रक जलकर राख में तब्दील हो चुका था।
बताया जा रहा है कि सहारनपुर की तरफ से डिस्पोजल क्राकरी और विभिन्न तरह के परचून जैसे सामान से लदा हुआ एक ट्रक बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे देहरादून जा रहा था। मोहण्ड के जंगल में बिजली की हाइटेंशन लाइन से टकराकर ट्रक में अचानक आग लग गई, इस हादसे के दौरान चालक ने हिम्मत दिखाते हुए ट्रक को एक साइड में खडा किया और कूद कर अपनी जान बचा ली। लेकिन ट्रक में लदा हुआ लाखों रुपए का कीमती सामान कुछ ही देर में ट्रक सहित जलकर राख हो गया। सड़क पर जलते हुए ट्रक को देखकर राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई, करीब एक घंटे तक सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची मोहण्ड पुलिस भी बिना पानी ट्रक में लगी आग बुझाने में बेबस नजर आई।







