Home उत्तर प्रदेश दुष्कर्म आरोपी की तलाश में महाराष्ट्र पुलिस का सैयदवाड़ा में छापा

दुष्कर्म आरोपी की तलाश में महाराष्ट्र पुलिस का सैयदवाड़ा में छापा

10 दिन में हाजिर न होने पर संपत्ति कुर्क करने की चेतावनी

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, मुंबई से पहुंची पुलिस टीम
FATEHPUR NEWS:  सदर कोतवाली क्षेत्र के सैयदवाड़ा मोहल्ले में महाराष्ट्र पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी की तलाश में छापेमारी की। हालांकि आरोपी अर्श उर्फ जुहैब अरशद पुत्र अरशद रजा उर्फ अरशू पुलिस के हाथ नहीं लगा। जानकारी के अनुसार सैयदवाड़ा निवासी अर्श उर्फ जुहैब अरशद कई वर्षों से महाराष्ट्र के गोवंडी क्षेत्र में रह रहा था। ठाणे की रहने वाली एक युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती की शिकायत पर 30 जनवरी को शिवाजीनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद मामला ठाणे थाने को स्थानांतरित कर दिया गया। महाराष्ट्र के ठाणे थाने से एसआई अविनाश महाजन पुलिस टीम के साथ आरोपी की तलाश में सैयदवाड़ा मोहल्ले पहुंचे। इस दौरान स्थानीय कोतवाली पुलिस भी उनके साथ मौजूद रही, लेकिन आरोपी घर पर नहीं मिला। पुलिस ने आरोपी के परिजनों से पूछताछ की और उन्हें चेतावनी दी कि यदि आरोपी को 10 दिनों के भीतर पुलिस के सामने पेश नहीं किया गया तो कोर्ट की अनुमति लेकर उसकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में कोतवाल श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस दुष्कर्म के आरोपी की तलाश में फतेहपुर आई थी और स्थानीय पुलिस ने उन्हें आवश्यक सहयोग दिया।