Home उत्तर प्रदेश दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में लगाए जाएंगे रंबल स्ट्रिप व साइनेज

दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में लगाए जाएंगे रंबल स्ट्रिप व साइनेज

नाबालिग वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
FATEHPUR NEWS: जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पूर्व निर्देशों की अनुपालन आख्या की समीक्षा करते हुए सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि बिना फिटनेस के कोई भी स्कूली वाहन संचालित न हो, इस पर पुलिस विभाग और एआरटीओ विशेष निगरानी रखें। गंभीर सड़क दुर्घटनाओं में लापरवाही से मृत्यु होने पर संबंधित वाहन चालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किया जाए तथा उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही पुलिस विभाग समय से दुर्घटना जांच रिपोर्ट एआरटीओ को उपलब्ध कराए। उन्होंने नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने तथा विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। यातायात नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले चालकों के लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई भी सुनिश्चित करने को कहा गया। दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत रंबल स्ट्रिप, स्पीड ब्रेकर, व्हाइट पट्टी पेंटिंग एवं साइनेज लगाए जाने के निर्देश संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को दिए गए। पुलिस व परिवहन विभाग को संवेदनशीलता के साथ निरंतर प्रवर्तन कार्रवाई करने तथा वाहन चालकों को हेलमेट व सीट बेल्ट के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों के किनारे स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध मानव संसाधन व उपकरणों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, पुलिस क्षेत्राधिकारी, उप संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, यातायात टीएसआई, एनएचआई प्रतिनिधि तथा समिति सदस्य अशोक तपस्वी व प्रदीप गर्ग सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।