डीएम ने टास्क फोर्स को निर्देश दिया; सभी एसडीएम जल्द बुलाएँ व्यापारियों की जागरूकता बैठकें
BALRAMPUR NEWS: बाल श्रम जिला टास्क फोर्स की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को सिद्धार्थ सभागार में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. की अध्यक्षता और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने दिसंबर 2026 तक पूरे जनपद सिद्धार्थनगर को बाल श्रम मुक्त कराने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने टास्क फोर्स के सभी सदस्यों से इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरा सहयोग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी उप जिलाधिकारियों (एसडीएम) को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने तहसील क्षेत्रों में व्यापारियों और उद्यमियों की जागरूकता बैठकें शीघ्र आयोजित करा लें। इन बैठकों में सभी व्यापारियों से बाल श्रम उन्मूलन के लिए सहयोग प्राप्त करना सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से काम कराना अपराध है। उन्होंने श्रम प्रवर्तन अधिकारी सिद्धार्थनगर उज्ज्वल कुमार त्रिपाठी को निर्देशित किया कि बाल श्रम कराने वाले उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गौरव श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद, एसडीएम नौगढ़ कल्याण सिंह मौर्य, एसडीएम बांसी निखिल चकवर्ती, एसडीएम डुमरियागंज राजेश कुमार, एसडीएम इटवा कुणाल, श्रम प्रवर्तन अधिकारी उज्ज्वल कुमार त्रिपाठी, ए.एच.टी.यू. प्रभारी आर.के. शुक्ला, बाल कल्याण समिति (अध्यक्ष) अपर्णा श्रीवास्तव, चाइल्ड लाइन (संयोजक) सुनील उपाध्याय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







