Home उत्तर प्रदेश दिशा समिति की बैठक में योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश

दिशा समिति की बैठक में योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश

FATEHPUR NEWS: विकास भवन सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद नरेश उत्तम पटेल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पीएम किसान, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन समेत कई योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। साथ ही पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि पात्र लोगों को लाभ मिल सके। उन्होंने स्वीकृत सड़कों का निर्माण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने को कहा। साथ ही विभागों को अपने कार्यों की रिपोर्ट जनप्रतिनिधियों को देने के निर्देश दिए। स्वामित्व योजना के तहत जिन गांवों में घरौनी नहीं वितरित हुई है, वहां वितरण सुनिश्चित कराने को कहा गया। असनी गंगा पुल के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि मई तक आवागमन शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है। मनरेगा के तहत मजदूरों के बकाया भुगतान की सूची उपलब्ध कराने और सड़क सुरक्षा के लिए स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अनुपस्थित रहने पर पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने कहा कि सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। बैठक में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और समिति के सदस्य मौजूद रहे।