Home उत्तर प्रदेश थाना बेहट पुलिस ने आधार कार्ड में फर्जीवाड़ा करने वाले गिरोह को...

थाना बेहट पुलिस ने आधार कार्ड में फर्जीवाड़ा करने वाले गिरोह को किया गिरफ्तार

SAHARANPUR NEWS: थाना बेहट पुलिस ने आधार कार्ड में हेरफेर करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बिना अनुमति व अधिकार पत्र के धोखाधड़ी कर फर्जी फिंगरप्रिंट तैयार कर आधार कार्ड की आधिकारिक वेबसाइट खोलकर नाम, पता, मोबाइल नंबर व फोटो बदलने वाले तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में आसिफ पुत्र हनीफ निवासी मौहल्ला गाडान, सागर पुत्र सतीश निवासी ग्राम खुर्रमपुर, और राजेश उर्फ राजू पुत्र धर्मपाल निवासी ग्राम रोगला हथौली, थाना बेहट शामिल हैं। इनके कब्जे से भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए गए हैं, जिनमें 2 लैपटॉप, 1 वेब कैमरा, 1 कीबोर्ड, 1 माउस, 1 पेन ड्राइव, 1 प्रिंटर, 1 फिंगरप्रिंट स्कैनर, 1 आईरिस स्कैनर, 2 लैपटॉप चार्जर, 1 ओटीजी कनेक्टर, 1 रबर स्टैम्प पर फर्जी फिंगरप्रिंट, 12 आधार कार्ड, 3 रसीदें व अन्य सामान शामिल हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देश पर साइबर अपराधियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक सतपाल सिंह भाटी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अभियुक्तों को दबोचा। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे शामली के एक व्यक्ति के साथ मिलकर फर्जी थंब प्रिंट तैयार कर आधार की ऑफिशियल वेबसाइट खोलते थे और उसमें बदलाव कर मोटी रकम कमाते थे। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना बेहट पर मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।