JAUNPUR NEWS: शिया कॉलेज मैदान पर जौनपुर जर्नलिस्ट क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों के बीच खेले गए रोमांचक मैत्री क्रिकेट मैच में खेल के साथ-साथ आपसी भाईचारे और सौहार्द की अनूठी झलक देखने को मिली। मुकाबले में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 विकेट से जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी प्रिंट मीडिया टीम के कप्तान सुजीत शुक्ला ने 12 ओवर के निर्धारित मैच में अपनी टीम को मजबूत शुरुआत दिलाने का प्रयास किया, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम 11.2 ओवर में 106 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से संदीप यादव ने 44 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया टीम ने कप्तान राजन मिश्रा के नेतृत्व में आक्रामक शुरुआत की। ओपनर आलोक सिंह और सुशील तिवारी ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज चार ओवर में 82 रन जोड़ दिए। इसके बाद टीम ने 6 ओवर में ही एक विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर 9 विकेट से जीत अपने नाम कर ली। प्रिंट मीडिया टीम में कप्तान सुजीत शुक्ला के अलावा अंकुर शुक्ला, संदीप यादव, अंबुज मिश्रा, बेलाल हुसैन, मुहम्मद राफे, तबरेज अहमद, अरशद, अनिल अस्थाना, अवधेश यादव, अमरदीप और मुकेश शामिल रहे। वहीं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया टीम में कप्तान राजन मिश्रा के साथ देवेंद्र खरे, जावेद अहमद, सुशील तिवारी, मसूद अहमद, आलोक सिंह, मनीष सिंह, इमरान, आबिश इमाम, अंकित जायसवाल और विनय ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार अखिलेश सिंह, संजय अस्थाना, इजहार हुसैन, भोले विश्वकर्मा, असलम तथा कोच मो. अब्बास ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।







