FATEHPUR NEWS: ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ फतेहपुर की बैठक नीलकंठ पैलेस, पटेल नगर में अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जनपद में मार्शल आर्ट के विकास और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में तय किया गया कि प्रत्येक तीन माह में आयोजित होने वाली बेल्ट टेस्ट श्रृंखला के तहत अप्रैल माह में सभी ताइक्वांडो खिलाड़ियों का बेल्ट टेस्ट कराया जाएगा। इसके साथ ही महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए जनपद के सभी विद्यालयों में ताइक्वांडो प्रशिक्षण को अनिवार्य किए जाने की मांग उठाई गई। एसोसिएशन ने नगर में ताइक्वांडो प्रशिक्षण के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध कराने हेतु जिलाधिकारी को मांग पत्र देने का निर्णय लिया। साथ ही रेल मंत्री को पत्र भेजकर फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत ट्रेन के ठहराव की मांग भी की जाएगी। अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा ने कहा कि खेलों के विस्तार के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा और खिलाड़ियों के लिए निःशुल्क ताइक्वांडो प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। बैठक में उपाध्यक्ष प्रखर शुक्ला, सचिव राजकुमार, संयुक्त सचिव भारत वर्मा, शिव कुमार, कार्यकारिणी सदस्य मनीषा राजपूत, तनुज बाजपेई, ऋचा राजपूत, काजल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।







