बिजली विभाग के सक्षम अधिकारियों समेत एसडीएम से लगाई न्याय की गुहार
PRAYAGRAJ NEWS: कोरांव विकासखंड के तरांव गांव में एक बिजली उपभोक्ता ने अपने घर में बिना अनुमति के स्मार्ट मीटर लगाए जाने और इसके कारण बढ़े हुए बिल की शिकायत दर्ज कराई है। उपभोक्ता का आरोप है कि जब वह घर पर नहीं थीं, तब बिजली कर्मियों ने उनका पुराना मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगा दिया।तरांव गांव निवासी रन्नो देवी पत्नी रमेश शंकर ने अपनी शिकायत में बताया है कि उनके पति जीविकोपार्जन के लिए विदेश में रहते हैं। वह भी अपने बच्चों के साथ मायके गई हुई थीं, जिससे घर पर कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान बिजली कर्मियों ने कथित तौर पर उनका पुराना मीटर हटाकर उसकी जगह स्मार्ट मीटर लगा दिया।जब रन्नो देवी मायके से लौटीं, तो उन्होंने देखा कि उनके घर का मीटर बदल दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि नए स्मार्ट मीटर में उनका मोबाइल नंबर नहीं जोड़ा गया है, बल्कि किसी अन्य व्यक्ति का नंबर लिंक कर दिया गया है। इस कारण उन्हें बिल संबंधी कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है।रन्नो देवी के अनुसार, उन्होंने दिसंबर तक का बिजली बिल भुगतान कर दिया था, लेकिन स्मार्ट मीटर लगने के बाद 5280 रुपये का बढ़ा हुआ बिल आ गया है। उन्होंने विभाग और अन्य सक्षम अधिकारियों से शिकायत की है कि जब तक उनका पुराना मीटर वापस नहीं लगाया जाता और स्मार्ट मीटर नहीं हटाया जाता, तब तक वह इस मनमाने बिल का भुगतान नहीं करेंगी। उन्होंने बिना सक्षम न्यायालय के निर्देश के घरों में स्मार्ट मीटर न लगाए जाने की भी मांग की है। इस संबंध में शुक्रवार सुबह एसडीओ विद्युत चंद्रशेखर आजाद से बात की गई। उन्होंने बताया कि महिला की शिकायत मिली है और मामले की जांच कराई जा रही है। एसडीओ ने कहा कि बिना ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) के स्मार्ट मीटर नहीं लगाया जा सकता। जब उन्हें बताया गया कि मोबाइल नंबर भी बदल दिया गया है, तो उन्होंने कहा कि इस पहलू की भी जांच की जा रही है।







