आयोजित प्रदर्शनी में कशिश, शुभी और नाजिश रहीं विजेता
FATEHPUR NEWS: डाॅ. भीमराव अंबेडकर राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में ‘अंतरिक्ष क्रांति दिवस’ उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर छात्राओं ने ‘भारत के बेहतर भविष्य के अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए नवाचार’ थीम पर एक प्रदर्शनी का आयोजन किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं, जिससे देश में रणनीतिक बदलाव आया है। इसी को देखते हुए इंडिया स्पेस वीक ने उन्हें ‘भारत अंतरिक्ष क्रांति के जनक’ की उपाधि से सम्मानित करने का निर्णय लिया है। महाविद्यालय में आयोजित प्रदर्शनी में बीस से अधिक छात्राओं ने अंतरिक्ष कार्यक्रमों से संबंधित मॉडल प्रदर्शित किए। कुछ छात्राओं ने अंतरिक्ष पर्यटन, अंतरिक्ष रोबोटिक्स और उपग्रह प्रौद्योगिकी जैसे उप-विषयों पर पोस्टर भी प्रस्तुत किए। मॉडल प्रतियोगिता में बीएससी तृतीय सेमेस्टर की छात्रा कशिश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीएससी पंचम सेमेस्टर की शुभी सिंह और बीएससी तृतीय सेमेस्टर की नाज़िश ने क्रमशः द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम संयोजक प्रो. प्रशांत द्विवेदी ने छात्राओं और प्राध्यापकों को देश के जिम्मेदार नागरिक के रूप में अंतरिक्ष विज्ञान और अनुसंधान को बढ़ावा देने की शपथ दिलाई। महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य प्रो. शकुंतला ने राष्ट्रीय अंतरिक्ष नवाचार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योगदान पर प्रकाश डाला।इस अवसर पर प्रो. लक्ष्मीना भारती, डाॅ. मधुलिका श्रीवास्तव, डाॅ. बृजेश पाल, डाॅ. अनुष्का छौंकर, डाॅ. राजकुमार, डाॅ. आनंद नाथ और सुरेश कुमार प्रसाद सहित समस्त महाविद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।







