Home उत्तर प्रदेश डेढ़ माह तक जिंदगी की जंग लड़ता रहा युवक, आखिरकार हार गया...

डेढ़ माह तक जिंदगी की जंग लड़ता रहा युवक, आखिरकार हार गया मौत से मुकाबला

परिजनों में मचा कोहराम, गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार
FATEHPUR NEWS:  सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक ने लगभग डेढ़ माह तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद आखिरकार दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। घर में चीख-पुकार मच गई और परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिंदकी कस्बे के मोहल्ला लाहौरी निवासी हिमांशु (20 वर्ष) पुत्र राजेश कुमार करीब डेढ़ माह पूर्व कोतवाली बिंदकी क्षेत्र के अंतर्गत राजीवपुरम मोड़ के समीप एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। बताया जाता है कि दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में हिमांशु को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। कानपुर के एक निजी अस्पताल में युवक का लगातार इलाज चल रहा था। परिजन उसकी सलामती के लिए दिन-रात दुआएं कर रहे थे और हर संभव प्रयास कर रहे थे, लेकिन बुधवार को इलाज के दौरान हिमांशु ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक के घर पर शोक संतप्त लोगों का तांता लग गया। रिश्तेदारों, पड़ोसियों और शुभचिंतकों ने पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया। हर किसी की जुबान पर बस यही था कि एक हंसता-खेलता युवा इस तरह असमय काल के गाल में समा गया। बुधवार की शाम करीब 4 बजे गमगीन माहौल में युवक का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग शामिल हुए और नम आंखों से युवक को अंतिम विदाई दी। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।