मंडी में अन्नदाता को उन्होंने सम्मानित कर किया उत्साहवर्धन
BHADOHI NEWS: डीएम शैलेश कुमार एवं एसपी अभिनव त्यागी ने शनिवार को विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जनपद में संचालित गेहूं क्रय व्यवस्था का जायजा लेने के लिए मंडी समिति गोपीगंज गेहूं क्रय केंद्र पहुंचे। उन्होंने क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी एवं सचिव, कृषि उत्पादन मंडी समिति गोपीगंज भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान केंद्र प्रभारी पंकज भारती (विपणन निरीक्षक) मौके पर उपस्थित मिले तथा केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित पाई गईं। केंद्र पर बैनर प्रदर्शित था एवं क्रय के लिए आवश्यक उपकरण दो सत्यापित इलेक्ट्रॉनिक कांटे, नमी मापक यंत्र, पावर डस्टर, ई-पॉप मशीन, ई-उपार्जन के लिए लैपटॉप तथा अन्य अभिलेख उपलब्ध पाए गए। निरीक्षण के समय ग्राम तिलंगा निवासी अपनी उपज लेकर आए कृषक विजयशंकर मिश्र का उत्साहवर्धन किया गया। कृषक लगभग 20 कुंतल गेहूं विक्रय के लिए लाए थे। जिसकी तौल डीएम ने प्रारंभ कराई। उन्होंने कृषक को मिठाई खिलाकर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर अवगत कराने को कहा। कृषक ने बताया कि उन्हें किसी प्रकार की कोई कठिनाई नहीं है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद में खाद्य विभाग के 17, पीसीएफ के 15 तथा भारतीय खाद्य निगम का एक, कुल 33 गेहूं क्रय केंद्र संचालित है। डीएम ने केंद्र प्रभारी को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक किसानों से संपर्क स्थापित कर मूल्य समर्थन योजना के अंतर्गत गेहूं क्रय सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को समर्थन मूल्य का पूरा लाभ मिल सके। रबी विपणन वर्ष 2026-27 हेतु गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपया प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है, जो गत वर्ष की तुलना में 160 रुपया प्रति कुंतल अधिक है।







