Home उत्तर प्रदेश डीएम की मौजूदगी में गेहूं फसल की क्रॉप कटिंग, औसत उपज 32.8...

डीएम की मौजूदगी में गेहूं फसल की क्रॉप कटिंग, औसत उपज 32.8 कुंतल प्रति हेक्टेयर

कासिमपुर बीबीहाट में दो किसानों के खेतों में हुआ उपज आकलन
FATEHPUR NEWS: जनपद में रबी फसल के अंतर्गत गेहूं की उपज का सटीक आकलन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा क्रॉप कटिंग का कार्य तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में गुरुवार को तहसील सदर के ब्लॉक तेलियानी अंतर्गत ग्राम कासिमपुर बीबीहाट में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की उपस्थिति में गेहूं फसल की क्रॉप कटिंग कराई गई। क्रॉप कटिंग का कार्य कृषक शिवबरन सिंह पुत्र सुन्दर के खेत (गाटा संख्या 43) तथा कृषक गोरेलाल पुत्र रामसहाय के खेत (गाटा संख्या 330) में संपन्न कराया गया। इस दौरान निर्धारित मानक के अनुसार दोनों खेतों में 43.3–43.3 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में फसल काटकर उसकी उपज का मापन किया गया। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार गाटा संख्या 43 में 32.8 किलोग्राम गेहूं की उपज दर्ज की गई, जबकि गाटा संख्या 330 में 34.5 किलोग्राम उत्पादन पाया गया। इन आंकड़ों के आधार पर औसत उपज 32.8 कुंतल प्रति हेक्टेयर आंकी गई, जो क्षेत्र में गेहूं उत्पादन की स्थिति को दर्शाती है। जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित मोबाइल एप में क्रॉप कटिंग से संबंधित सभी आंकड़ों को समयबद्ध और सही तरीके से फीड किया जाए। उन्होंने कहा कि फसल उपज के सही आंकड़े शासन स्तर पर योजनाओं के निर्माण और किसानों को लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने यह भी कहा कि पारदर्शी और वैज्ञानिक तरीके से किए गए उपज आकलन से न केवल वास्तविक उत्पादन की जानकारी मिलती है, बल्कि इससे किसानों को मिलने वाली सुविधाओं और योजनाओं के क्रियान्वयन में भी सटीकता आती है। इस दौरान तहसीलदार सदर, अपर सांख्यिकी अधिकारी, संबंधित राजस्व लेखपाल, ग्राम प्रधान सहित अन्य अधिकारी एवं क्षेत्रीय कृषक उपस्थित रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के किसानों में भरोसा बढ़ा है कि उनकी फसल का सही आकलन कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।