SIDHARTHNAGAR NEWS: शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक माह के द्वितीय एवं चतुर्थ शनिवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण थाना समाधान दिवस के क्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन की उपस्थिति में थाना उसका बाजार में समाधान दिवस संपन्न हुआ।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को सुना, जिनमें ज्यादातर प्रकरण भूमि विवाद और नाली से संबंधित थे। उन्होंने समस्त राजस्व निरीक्षकों को निर्देश दिए कि भूमि विवाद, वरासत और बंटवारे जैसे मामलों का मौके पर जाकर सही ढंग से निस्तारण करें और किसी को भी अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। जिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षकों को विशेष निर्देश दिया कि वे आज और कल (26 और 27 जुलाई) मौके पर जाकर नाली विवाद, चकमार्ग विवाद, जमीन बंटवारा और अवैध कब्जा/पट्टा से संबंधित प्रकरणों को ग्रामवासियों के बयान लेकर निपटाने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस बल के साथ मौके पर जाएं और अधिकतम प्रकरणों का निस्तारण करके ही लौटें, कोई भी प्रकरण लंबित न रखा जाए। यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक मार्ग पर अवैध रूप से कब्जा करता है, तो हल्का लेखपाल उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराएं। जिलाधिकारी ने थाना समाधान दिवस में आए सभी शिकायतकर्ताओं से आपस में मिल-जुलकर रहने और लड़ाई-झगड़ा न करने की अपील की। उन्होंने आश्वस्त किया कि जो भी प्रकरण आए हैं, उनका निस्तारण राजस्व के अधिकारी/कर्मचारी मौके पर जाकर करेंगे। इस दौरान थानाध्यक्ष उसका बाजार, राजस्व निरीक्षक और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।







