FATEHPUR NEWS: जनपद के विधि जगत में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन चुनाव को लेकर सरगर्मियां अपने चरम पर पहुंच गई हैं। इसी क्रम में मंगलवार को आदर्श अधिवक्ता संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक अभिलाष त्रिवेदी की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें संगठन की एकजुटता एवं आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में जिला बार एसोसिएशन के वर्तमान अध्यक्ष गया प्रसाद दुबे के दिशा-निर्देशों के क्रम में सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए संगठन के अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा की गई। बैठक के बाद रमेश भदौरिया को अध्यक्ष पद तथा धर्मेंद्र मिश्रा को महामंत्री पद के लिए आदर्श अधिवक्ता संगठन का आधिकारिक प्रत्याशी घोषित किया गया। महामंत्री पद के लिए धर्मेंद्र मिश्रा के नाम की घोषणा होते ही सभागार में मौजूद अधिवक्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस दौरान महामंत्री पद के अन्य दावेदार ललित मिश्रा, लक्ष्मीकांत अवस्थी एवं अशोक शुक्ला ने भी संगठन हित में धर्मेंद्र मिश्रा को अपना समर्थन देते हुए उनके पक्ष में सहमति जताई, जिससे संगठन की एकता और मजबूती का स्पष्ट संदेश मिला। इस अवसर पर ब्राह्मण समाज के सैकड़ों अधिवक्ताओं सहित विधिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम में संगठन के संरक्षक लक्ष्मण प्रसाद त्रिपाठी, ज्ञानेश बाजपेई, रामदत्त त्रिवेदी, संतोष कुमारी शुक्ला, आशीष गौड़, अजय अवस्थी, सुरेश अवस्थी, शिवकुमार अग्निहोत्री और अविनाश द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता साथी उपस्थित रहे। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के महामंत्री जितेन्द्र सिंह गौतम ने चयन समिति एवं सभी उपस्थित अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए घोषित प्रत्याशियों को बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन का यह निर्णय बार एसोसिएशन की गरिमा एवं कार्यशैली को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। प्रत्याशियों की घोषणा के बाद सभागार में विजय के नारों से माहौल गूंज उठा और सभी अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने तथा चुनाव में सफलता हासिल करने का संकल्प लिया।







