PRATAPGARH NEWS: एसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) अतरसंड, प्रतापगढ़ में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सुधांशु पाठक टीएसआई ने किया। उन्होंने संस्थान में मौजूद शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका यातायात नियमों का पालन करना है। उन्होंने वाहन चलाते समय हेल्मेट और सीटबेल्ट के प्रयोग की अनिवार्यता पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना स्वयं चालक और दूसरों की जिंदगी के लिए बेहद खतरनाक साबित होता है, इसलिए हर हाल में इससे बचना चाहिए। टीएसआई सुधांशु पाठक ने छात्रों से कहा कि वे समाज में जागरूकता फैलाने में भी सहयोग करें, ताकि सुरक्षित यातायात संस्कृति का निर्माण हो सके। इस दौरान शिक्षकों ने भी संकल्प लिया कि वे अपने विद्यार्थियों को नियमित रूप से यातायात नियमों के महत्व से अवगत कराते रहेंगे और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में सड़क सुरक्षा को जीवन रक्षा से जोड़ते हुए नियमों के पालन का वादा किया।







