प्रधान संगठन अध्यक्ष नदीम के नेतृत्व में हुआ प्रदर्शन
FATEHPUR NEWS: जनपद मुख्यालय स्थित प्रधान डाकघर में सुकन्या समृद्धि योजना और अन्य बचत योजनाओं में बड़े घोटाले का मामला सामने आया है। ग्राम सनगांव के लगभग 150 ग्रामीणों ने ब्रांच पोस्ट मास्टर (बीपीएम) पर उनकी जमा धनराशि के गबन का आरोप लगाया है। यह मामला वर्ष 2015-16 से जुड़ा है, जब नीरज यादव ने ग्रामीणों के सुकन्या समृद्धि, आरडी (आवर्ती जमा) और एसबी (बचत बैंक) खाते खुलवाए थे। ग्रामीणों का दावा है कि वे इन खातों में नियमित रूप से अपनी बचत जमा कर रहे थे। मार्च-अप्रैल 2025 में, नीरज यादव ने सभी खाताधारकों से यह कहकर उनकी पासबुक जमा करवा ली कि प्रधान डाकघर में खातों की जांच होनी है। ग्रामीणों ने विश्वास करके अपनी पासबुक उसे सौंप दी। पासबुक लेने के बाद, पोस्ट मास्टर अचानक लापता हो गया। जब ग्रामीणों ने डाकघर के कर्मचारियों से इस संबंध में पूछताछ की तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उन्होंने प्रधान डाकघर के अधिकारियों से भी संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें भी कोई जानकारी नहीं दी गई। इस घटना के बाद, जिलाध्यक्ष प्रधान संगठन के नदीम प्रधान और सुनील कुमार के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रधान डाकघर में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अधिकारियों से कार्रवाई करने और उनकी गबन की गई धनराशि वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने इस मामले का संज्ञान लिया है और जांच जारी है।







