सड़क पर अतिक्रमण कर सिखाई जा रही मक्का बनी दुर्घटना का कारण
AURAIYA NEWS: जनपद स्थित ऊसराहार की ओर से बिधूना कस्बे के प्राचीन दुर्गा मंदिर पर बाइक से पूजा अर्चना के लिए आ रहे परिवार की बाइक में ऊसराहार बिधूना मार्ग पर सड़क पर अनियंत्रित गति से आ रहे एक ट्रैक्टर के चालक ने लापरवाही से ट्रैक्टर चलाते हुए टक्कर मार दी जिससे बाइक सवार मां-बेटे की मौत हो गयी। वहीं पिता व उसकी एक पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मिनी पीजीआई रेफर किया गया है, वही मृतकों के शवों का पंचनामा भरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद इटावा के ऊसराहार थाना क्षेत्र के ग्राम बम्हनीपुर निवासी गौरव सक्सेना अपनी पत्नी पूजा, 7 वर्षीय पुत्री काव्या व 5 वर्षीय पुत्र हार्दिक के साथ बाइक से बिधूना कस्बे के प्राचीन दुर्गा मंदिर पर पूजा पाठ के लिए जा रहे थे। तभी ऐरवाकटरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ऊसराहार बिधूना मार्ग पर जयसिंहपुर तिराहे पर पहुंचने पर सड़क पर अनियंत्रित गति से आ रहे ट्रैक्टर के चालक ने लापरवाही से ट्रैक्टर चलाते हुए बाइक में टक्कर मार दी जिससे बाइक सवार गौरव सक्सेना के पुत्र हार्दिक व उनकी पत्नी पूजा की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि गौरव सक्सेना व उनकी पुत्री काव्या को भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही उमरैन पुलिस चौकी प्रभारी मूलेंद्र सिंह चौहान तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और घायलों को आनन-फानन उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऐरवाकटरा में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल गौरव सक्सेना व उनकी पुत्री काव्या को गंभीर हालत के चलते मिनी पीजीआई सैफई रेफर कर दिया है। इस सड़क दुर्घटना में मां बेटे की हुई मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा भरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया गया है कि नियम कानून को ठेंगा दिखाते हुए सड़क पर अतिक्रमण के रूप में सुखाई जा रही मक्का इस सड़क दुर्घटना का प्रमुख कारण बनी है। ट्रैक्टर का चालक मौके से फरार हो गया है वहीं पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।







