हादसे के बाद मौके पर मौजूद पुलिस व भीड़
BHADOHI NEWS: कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा मिल चैराहे के पास एक निजी अस्पताल के सामने सोमवार को ट्रेन की चपेट में आने से 70 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान परदेसी गौतम पुत्र स्व.ठग गौतम निवासी कतौरा थाना गौरी बाजार जनपद देवरिया के रूप में हुई। सुबह लगभग 6 बजे राहगीरों ने रेलवे लाइन के पास एक वृद्ध के शव की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रजपुरा चैकी प्रभारी अजय कुमार ओझा अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिली। तीन घंटे के लगातार प्रयास के बाद शव की पहचान हुई। मृतक की पत्नी रामसती देवी ने बताया कि वह इंदिरा मिल चैराहे पर स्थित जीवनदीप हॉस्पिटल में लगभग 26 वर्षों से साफ-सफाई का काम करती हैं। उनके पति अक्सर उनसे मिलने अस्पताल आते-जाते रहते थे। रामसती के अनुसार, उनके पति 27 जुलाई को रात लगभग 9 बजे घर से बाहर निकले थे और रात भर वापस नहीं आए। वे अपने ही गांव के एक व्यक्ति के साथ रहते थे। जो नगर के एक निजी अस्पताल में सफाई कर्मचारी हैं। परदेसी गौतम रोजाना सुबह रेलवे लाइन के पास शौच के लिए जाया करते थे। अनुमान है कि सुबह लगभग 5 बजे वह शौच के लिए निकले थे और रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे के बाद मृतक के पत्नी का तो रो-रोकर बुरा हाल रहा। मृतक अपने पैरों से काफी परेशान रहते थे और डंडे के सहारे चलते थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।







